
हमारे पूर्वजों ने आदिवासी- मूलवासी के हक और अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। वीर शहीदों ने अपने प्राण त्याग कर जल- जंगल- जमीन को बचाने का कार्य किया है। आज हमारी सरकार वीर शहीदों के आश्रितों को चिन्हित कर पूरा मान- सम्मान और अधिकार दे रही है। राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़ों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से मजबूती प्रदान की जा रही है। परन्तु आज भी हमारे सामने कई चुनौतियां हैं। जहां आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग दशकों से हाशिये पर रहे हैं। आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, बौद्धिक और राजनीतिक रूप से कमजोर होने की वजह से इन्हें हमेशा नजरअंदाज किया जाता रहा है। लेकिन हमारी सरकार इन्हें प्रत्येक दिशा से मजबूती प्रदान करने हेतु प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू जयंती के शुभ अवसर पर पवित्र भूमि भोगनाडीह में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।